लंदन में हुई एक नीलामी में ₹100 के ‘हज नोट’ को 56,49,650 रुपये की अविश्वसनीय कीमत पर बेचा गया। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) द्वारा 1950 के दशक में जारी किए गए इस दुर्लभ नोट का सीरियल नंबर HA 078400 है। यह नोट एक विशेष सीरीज़ से ताल्लुक रखता है, जिसे ‘हज नोट्स’ कहा जाता था। इन नोट्स को आरबीआई ने 20वीं सदी के मध्य में भारतीय तीर्थयात्रियों की खाड़ी देशों (जैसे सऊदी अरब, कुवैत, ओमान) की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए जारी किया था। इनका मुख्य उद्देश्य सामान्य भारतीय मुद्रा का उपयोग कर अवैध रूप से सोने की खरीद-फरोख्त को रोकना था।
‘हज नोट्स’ की सबसे खास बात यह थी कि इन पर ‘HA’ का प्रीफिक्स होता था, जिससे ये सामान्य मुद्रा से अलग दिखते थे। इनकी रंग योजना भी विशेष और सामान्य भारतीय नोटों से अलग होती थी। ये नोट खाड़ी देशों जैसे संयुक्त अरब अमीरात, कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान में वैध थे, लेकिन भारत के भीतर इनका उपयोग नहीं किया जा सकता था। 1961 में कुवैत ने अपनी खुद की मुद्रा पेश की, और उसके बाद अन्य खाड़ी देशों ने भी अपनी-अपनी करेंसी जारी करना शुरू कर दी। इससे ‘हज नोट्स’ की आवश्यकता धीरे-धीरे कम होती गई, और 1970 के दशक तक इनका चलन पूरी तरह से बंद कर दिया गया।
अपने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के कारण, ये नोट आज भी कलेक्टर्स के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। दुर्लभ होने और अनोखी विशेषताओं के चलते इनका मूल्य समय के साथ लगातार बढ़ रहा है। ₹100 के इस हज नोट का इतनी ऊंची कीमत पर बिकना इसके ऐतिहासिक महत्व और कलेक्टरों में इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
7th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों की हुई बल्ले बल्ले, DA मे होगी बढ़ोत्तरी