उत्तर भारत में सर्दी अब धीरे-धीरे कम हो रही है, और दिन के समय तेज धूप का अहसास होने लगा है। हालांकि, पहाड़ी राज्यों में मौसम फिर से करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 8 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा, जिससे 8 से 12 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
Weather: जम्मू कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड मे हुई बारिश और बर्फबारी
पिछले 24 घंटों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मेघालय और ओडिशा में घना कोहरा देखा गया, जबकि उत्तराखंड में पाले की स्थिति बनी रही। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक पहाड़ी राज्यों में मौसम खराब रह सकता है।
Weather Update: पूर्वोत्तर मे बदलेगा मौसम, 2 दिन होगी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में भी बदलाव देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश और असम में 6 और 7 फरवरी को बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 8 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत और महाराष्ट्र में मौसम में बदलाव आएगा और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। इसके विपरीत, मध्य भारत में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। पूर्वी भारत में अगले दो दिनों में 3 से 5 डिग्री तक तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, जबकि गुजरात में तापमान अगले दो दिनों में 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।
राजस्थान मे शीतलहर, इतना रहा तापमान (Rajasthan Weather)
राजस्थान में अब भी ठंड का असर जारी है। बीते 24 घंटों में जयपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में शीतलहर दर्ज की गई। राज्य के कुछ स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। सबसे ठंडे इलाकों में सीकर जिले के फतेहपुर में 2.8°C, सीकर में 3.5°C, नागौर और लूणकरणसर में 3.8°C, करौली में 4.4°C, दौसा में 5.1°C और संगरिया में 5.2°C तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 24.9°C और न्यूनतम 10.4°C दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों मे कैसा रहेगा उत्तर पश्चिम भारत का मौसम (Weather Update)
आने वाले दिनों में भी हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में 8 फरवरी तक घना कोहरा बना रहेगा। इसके अलावा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में 6 फरवरी को शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान बढ़ने के संकेत हैं, जिससे सर्दी कुछ कम हो सकती है। लेकिन पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड का प्रभाव बना रहेगा।