साल भर मे 260 ग्राम तक Microplastic निगल रहा इंसान

Microplastic in Human: आज के दौर में प्लास्टिक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसके खतरनाक प्रभाव सामने आने लगे हैं। एक ताजा शोध के मुताबिक, एक व्यक्ति साल भर में कम से कम 5.2 ग्राम से लेकर 260 ग्राम तक माइक्रोप्लास्टिक निगल रहा है। इसका मतलब है कि आप हर हफ्ते बिना जानें एक क्रेडिट कार्ड जितना प्लास्टिक अपने शरीर में ले जा रहे हैं। यह अध्ययन ऑस्ट्रेलिया के न्यूकैसल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर धावा पलानीसामी द्वारा किया गया है, जिसे एम्स में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रस्तुत किया गया।

माइक्रोप्लास्टिक छोटे आकार के प्लास्टिक कण होते हैं, जो हमारे भोजन और वायु के माध्यम से शरीर में पहुंचते हैं। यह कण नल के पानी, बोतलबंद पानी, शहद, नमक, यहां तक कि बीयर में भी मिल सकते हैं। समुद्री भोजन में यह समस्या और भी गहरी हो सकती है, क्योंकि महासागरों में मौजूद प्लास्टिक कचरा समुद्री जीवों के माध्यम से हमारे शरीर तक पहुंचता है। इसके अलावा, हवा में मौजूद माइक्रोप्लास्टिक भी हम सांस के जरिए अंदर ले सकते हैं।

माइक्रोप्लास्टिक के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। एम्स की प्रोफेसर डॉ. रीमा दादा के अनुसार, माइक्रोप्लास्टिक हमारे शरीर की इम्यूनिटी को कमजोर करता है, जिससे डायबिटीज, थायरॉइड, न्यूरोलॉजिकल विकार और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, यह बांझपन का कारण भी बन सकता है।

प्रोफेसर धावा के अध्ययन के अनुसार, माइक्रोप्लास्टिक सबसे अधिक नल के पानी और बोतलबंद पानी में पाए गए हैं। बोतलबंद पानी में इन कणों की मात्रा ज्यादा होती है। इसके अतिरिक्त, नमक, शहद और चीनी जैसी खाद्य सामग्रियां भी प्लास्टिक से प्रदूषित हो सकती हैं।

latest update- क्या होगा अगर डॉलर के मुकाबले दुनिया में नई Currency आई? BRICS देश कर रहे तैयारी

Disclaimer: प्रिय पाठक, इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य जागरूकता और जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से है। इसमें उल्लिखित तथ्यों और आंकड़ों का स्रोत सामान्य शोध और उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी है। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं या उपचार से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने से पहले, कृपया अपने चिकित्सक या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें।

Leave a Comment